बी के झा
मेरठ, (यूपी) 24 नवंबर
मेरठ के जागृति विहार सेक्टर-6 में रविवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब स्थानीय लोगों ने रातों-रात सड़क के बीच खड़ी कर दी गई दीवार को अवैध बताते हुए तोड़ दिया। मनसा देवी मंदिर के ठीक सामने स्थित इस प्लॉट पर निर्माण को लेकर पिछले 24 घंटे से तनाव बना हुआ है। हालात को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात की गई है और आवास विकास के अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं।25 साल पुराने प्लॉट विवाद से उपजा तनाव जानकारी के अनुसार, सेक्टर-6 निवासी अरविंद सैनी और अन्य पक्षों के बीच यह प्लॉट विवाद करीब 25 वर्षों से सिविल कोर्ट में लंबित था। हाल ही में अदालत ने आदेश जारी करते हुए अधिकारियों की मौजूदगी में प्लॉट की पैमाइश कराकर अरविंद सैनी को कब्जा दिलाने का निर्देश दिया था। कोर्ट आदेश के पालन में पुलिस और आवास विकास के अधिकारी मौके पर पहुंचे और अरविंद को जमीन का कब्जा सौंप दिया गया। इसके बाद उन्होंने चारदिवारी का निर्माण शुरू करा दिया।
सुबह होते ही भड़के लोग, तोड़ दी दीवार रविवार सुबह जब स्थानीय लोगों ने सड़क के हिस्से पर दीवार खड़ी देखी, तो कॉलोनी में आक्रोश फैल गया। लोगों का आरोप था कि सड़क पर अतिक्रमण कर अवैध निर्माण किया जा रहा है। गुस्साए लोगों ने न सिर्फ विरोध प्रदर्शन किया, बल्कि दीवार को गिरा भी दिया। पुलिस ने हालात नियंत्रित किए और कोर्ट आदेश दिखाकर निर्माण कार्य पुनः शुरू कराया।दोपहर में फिर बवाल, दोबारा ढहाई गई चारदिवारी दोपहर बाद स्थिति एक बार फिर तनावपूर्ण हो गई। कॉलोनी के लोग दोबारा इकट्ठा हुए और चारदिवारी को फिर से गिराने लगे। इस दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और माहौल गर्म हो गया। किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस कर्मियों की संख्या बढ़ा दी गई।
अधिकारियों ने रोका निर्माण, बिना नक्शा पास कराए निर्माण पर कार्रवाई के संकेत
हंगामे की सूचना पर आवास विकास परिषद के अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच में सामने आया कि निर्माण कार्य के लिए आवश्यक मानचित्र (नक्शा) पास नहीं कराया गया था। अधिकारियों ने इसे नियम विरुद्ध बताते हुए तत्काल निर्माण कार्य रुकवा दिया। साथ ही बिना नक्शे के निर्माण कराने पर विधिक कार्रवाई के संकेत दिए।डीएम बोले—“दोनों पक्षों की बात सुनी जा रही है, विधिक कार्रवाई होगी”मेरठ के जिलाधिकारी वी.के. सिंह ने मामले पर स्पष्ट किया कि यह विवाद मकान निर्माण और सड़क पर अतिक्रमण से जुड़ा है।
उन्होंने कहा—“सिविल कोर्ट के आदेश पर निर्माण शुरू कराया गया था, लेकिन नक्शा पास नहीं कराया गया था। मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों को सुना जाएगा और नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।”वर्तमान में स्थिति नियंत्रण में, पुलिस तैनात फिलहाल जागृति विहार सेक्टर-6 में पुलिस बल तैनात है और प्रशासन हालात पर करीबी नजर रखे हुए है।
स्थानीय लोग सड़क पर निर्माण न होने की मांग कर रहे हैं, जबकि दूसरा पक्ष कोर्ट आदेश का हवाला देकर अपना दावा ठोंक रहा है।यह विवाद फिलहाल शांत होने के बजाय और गहराता जा रहा है, और आने वाले दिनों में प्रशासन की कार्रवाई से ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
NSK

