बी के झा
सारण/पटना, 6 नवंबर
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग भले ही लोकतंत्र का पर्व हो, लेकिन कई क्षेत्रों में यह दिन तनाव और हिंसा की तपिश में तपता नज़र आया।
लखीसराय में डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के काफिले पर हुए हमले के बाद अब सारण जिले के मांझी में महागठबंधन प्रत्याशी और CPM विधायक डॉक्टर सत्येंद्र यादव के काफिले पर भी हमला हुआ है। हमले का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जैतपुर हाई स्कूल बूथ पर अचानक हमला,
कार के शीशे टूटे
मांझी विधानसभा के जैतपुर हाई स्कूल स्थित बूथ पर सत्येंद्र यादव अपने समर्थकों के साथ पहुंचे थे। तभी भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने अचानक उनकी गाड़ी पर हमला बोल दिया।पल भर में कार के शीशे चकनाचूर हो गए।
विधायक के समर्थकों का दावा है कि सत्येंद्र यादव के साथ हाथापाई तक की गई।घटना की सूचना तत्काल दाऊदपुर पुलिस थाना को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को शांत कराया और जांच शुरू कर दी है।
विधायक बोले— “
मेरे ऊपर हमला हुआ, लोकतंत्र को कुचलने की कोशिश”
डॉ. सत्येंद्र यादव ने कहा—“
मेरे ऊपर हमला हुआ है। यह चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश है। वीडियो सबूत है कि किस तरह गुंडों ने हमला किया।”वीडियो में नज़र आ रहा है कि काफिले की कारों के शीशे बुरी तरह से टूटे हुए हैं और लोग अफरा-तफरी में भाग रहे हैं
वहीं लखीसराय में डिप्टी सीएम पर हमला —
EC सख्त, DGP को तत्काल कार्रवाई का आदेश
दिन की शुरुआत में ही लखीसराय से बड़ी खबर आई थी, जहाँ उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने आरोप लगाया कि RJD समर्थकों ने उनके काफिले पर हमला किया।इसके बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने सख्त रुख अपनाते हुए डीजीपी को तुरंत कार्रवाई का आदेश दिया।
सीईसी ने कहा—
“कानून हाथ में लेने की अनुमति किसी को नहीं है। उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई होगी।”साथ ही आयोग ने मतदाताओं से बेखौफ होकर मतदान करने की अपील की।
मनेर में RJD विधायक की गर्मी—
सुरक्षा कर्मी पर पक्षपात का आरोप, देख लेने की धमकी
इस चुनावी दिन का एक और चटपटा दृश्य पटना के मनेर क्षेत्र में सामने आया।
राजद विधायक भाई वीरेंद्र पत्नी के साथ बूथ संख्या 79 पर वोट डालने पहुंचे।यहां उन्होंने प्रवेश द्वार पर पर्चा जांच कर रहे सुरक्षा कर्मी पर पक्षपात का आरोप जड़ दिया। मामला इतना बढ़ा कि उन्होंने सुरक्षा कर्मी को “देख लेने” तक की चेतावनी दे डाली।जब उनसे इस विवाद पर पूछा गया तो भाई वीरेंद्र ने अपने वोटरों की भावना का हवाला देते हुए कहा—“
बिहार में महागठबंधन की लहर है। जनता बदलाव के लिए तैयार बैठी है।
हिंसा, आरोप, और सियासी ताप—
पहले चरण ने बढ़ाई चुनावी धड़कनें
पहले चरण की वोटिंग ने जहां लोकतंत्र में जनता की भागीदारी को मजबूत किया, वहीं विभिन्न क्षेत्रों में हुई झड़पों और हमलों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल भी खड़े कर दिए हैं।विजय सिन्हा से लेकर सत्येंद्र यादव और भाई वीरेंद्र तक—राजनीतिक गर्मी अपने चरम पर है, और बिहार का चुनावी मैदान हर घंटे नए मोड़ पर पहुंच रहा है।
NSK


