बी के झा
NSK

नई दिल्ली/शिलांग/ढाका, 28
बांग्लादेश के चर्चित सामाजिक–राजनीतिक कार्यकर्ता और इंकलाब मंच के नेता शरीफ उस्मान हादी की हत्या के बाद अब यह मामला सिर्फ आपराधिक जांच तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि सीमा-पार सियासत, सुरक्षा तंत्र की विश्वसनीयता और मीडिया नैरेटिव की लड़ाई में तब्दील होता दिख रहा है। बांग्लादेशी पुलिस के कुछ अधिकारियों और वहां के चुनिंदा अखबारों में यह दावा किया गया कि हत्याकांड के दो मुख्य संदिग्ध भारत के मेघालय में दाखिल हो चुके हैं। लेकिन भारत की ओर से मेघालय पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने इन दावों को पूरी तरह झूठा, अप्रमाणित और भ्रामक करार देते हुए सख्त प्रतिक्रिया दी है।
क्या है पूरा मामला
12 दिसंबर को ढाका के व्यस्त विजयनगर इलाके में नकाबपोश हमलावरों ने चुनाव प्रचार में जुटे शरीफ उस्मान हादी को सिर में गोली मार दी थी। गंभीर हालत में उन्हें सिंगापुर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस हत्याकांड ने बांग्लादेश की राजनीति और नागरिक समाज को झकझोर दिया। जांच के दौरान ढाका महानगर पुलिस (DMP) के अतिरिक्त आयुक्त मोहम्मद नजर-उल इस्लाम के हवाले से बांग्लादेशी मीडिया में यह दावा सामने आया कि दो मुख्य संदिग्ध—फैसल करीम मसूद और आलमगीर शेख—हलुआघाट सीमा के रास्ते भारत में घुस गए हैं।
भारत की दो टूक: कोई सूचना नहीं, कोई गिरफ्तारी नहीं इन दावों पर मेघालय पुलिस मुख्यालय ने असाधारण रूप से स्पष्ट शब्दों में प्रतिक्रिया दी। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि न तो बांग्लादेश पुलिस से कोई औपचारिक सूचना साझा की गई है और न ही किसी अनौपचारिक चैनल से ऐसी कोई पुष्टि मिली है। गारो हिल्स, तूरा या अन्य सीमावर्ती इलाकों में किसी भी नामित आरोपी की मौजूदगी या गिरफ्तारी का एक भी सबूत नहीं है।
BSF के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी इस खबर को “गढ़ा हुआ नैरेटिव” बताते हुए कहा कि ऐसी अपुष्ट रिपोर्टें सीमावर्ती राज्यों की शांति को नुकसान पहुंचा सकती हैं। एक अधिकारी के शब्दों में, “मेघालय पहले से ही सीमा झड़पों, तस्करी और अवैध आवाजाही जैसी चुनौतियों से जूझ रहा है। झूठी खबरें आग में घी डालने का काम करती हैं।”
राजनीतिक विश्लेषकों की राय:
जांच से ज़्यादा दबाव की राजनीति?वरिष्ठ राजनीतिक विश्लेषक प्रो. अरुणाभ चौधरी मानते हैं कि यह सिर्फ एक आपराधिक जांच नहीं, बल्कि आंतरिक दबाव से ध्यान हटाने की कोशिश भी हो सकती है।“जब किसी देश की पुलिस अपने ही नागरिकों की हत्या के मामले में ठोस प्रगति नहीं दिखा पाती, तो सीमा-पार नैरेटिव गढ़ना आसान रास्ता बन जाता है। इससे घरेलू असंतोष को बाहर की ओर मोड़ा जाता है।”
कानूनविदों का सवाल:
अंतरराष्ट्रीय प्रोटोकॉल का उल्लंघन?वरिष्ठ कानूनविद और अंतरराष्ट्रीय कानून विशेषज्ञ एडवोकेट आर. के. सिन्हा का कहना है कि अगर किसी देश को यह संदेह है कि आरोपी दूसरे देश में हैं, तो उसका एक स्पष्ट कानूनी रास्ता होता है।“आपसी प्रत्यर्पण संधि, लेटर रोगेटरी, या आधिकारिक डिप्लोमैटिक कम्युनिकेशन—इनमें से किसी का भी पालन नहीं किया गया। मीडिया ट्रायल के ज़रिये आरोप उछालना न तो कानूनी है, न ही कूटनीतिक रूप से शालीन।”
विपक्षी दलों की प्रतिक्रिया:
भारत को बदनाम करने की कोशिश
भारतीय विपक्षी दलों के कुछ नेताओं ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है कि बिना तथ्य के भारत का नाम घसीटना पड़ोसी देश के भीतर चल रही राजनीतिक उथल-पुथल का परिणाम हो सकता है।एक विपक्षी सांसद ने कहा, “अगर कोई ठोस सबूत है तो भारत सहयोग करेगा, लेकिन अफवाहों के आधार पर बयानबाज़ी दोनों देशों के रिश्तों को नुकसान पहुंचाती है।”
रक्षा और सुरक्षा विशेषज्ञों की चेतावनी
रक्षा विशेषज्ञ ब्रिगेडियर (रि.) एस. के. मलिक का मानना है कि सीमावर्ती इलाकों में इस तरह की खबरें सुरक्षा जोखिम बढ़ा सकती हैं।“जब मीडिया में यह कहा जाता है कि हत्यारे फलां रास्ते से भारत आ गए, तो यह तस्करों, उग्रपंथियों और असामाजिक तत्वों को नए बहाने देता है। सुरक्षा एजेंसियों पर अनावश्यक दबाव बनता है।”
असली सवाल अब भी कायम
सबसे बड़ा बड़ा सवाल यही है कि शरीफ उस्मान हादी की हत्या किसने और क्यों की? क्या बांग्लादेशी जांच एजेंसियां अपने देश के भीतर साजिश के तार जोड़ने में विफल हो रही हैं? या फिर सीमा-पार कहानी गढ़कर असहज सवालों से बचने की कोशिश हो रही है?
फिलहाल, मेघालय पुलिस और BSF का रुख साफ है—कोई आधिकारिक सूचना नहीं, कोई आरोपी भारत में नहीं। ऐसे में यह जिम्मेदारी बांग्लादेशी अधिकारियों और वहां के मीडिया पर आती है कि वे तथ्यों के साथ सामने आएं, न कि अटकलों के सहारे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भ्रम फैलाएं।
यह मामला न सिर्फ एक हत्या की जांच का है, बल्कि यह भी तय करेगा कि दक्षिण एशिया में सुरक्षा सहयोग और भरोसे की नींव कितनी मजबूत है।
