“हिजाब पहनने वाली महिला बनेगी देश की प्रधानमंत्री”—ओवैसी के बयान से सियासत में भूचाल, संविधान, धर्म और चुनावी गणित आमने-सामने

बी के झा

NSK

सोलापुर/मुंबई/नई दिल्ली , 9 जनवरी

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी के एक बयान ने महाराष्ट्र ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय राजनीति में तीखी बहस छेड़ दी है। सोलापुर में AIMIM उम्मीदवारों के समर्थन में आयोजित जनसभा में ओवैसी ने कहा—“बाबा साहेब अंबेडकर के दिए गए संविधान की बदौलत इस देश में हर नागरिक को समान अवसर मिलता है। शायद मैं वह दिन देखने के लिए जीवित न रहूं, लेकिन एक दिन जरूर आएगा जब हिजाब पहनने वाली महिला भारत की प्रधानमंत्री बनेगी।”यह वक्तव्य केवल एक राजनीतिक भाषण नहीं रहा, बल्कि उसने संविधान, धर्मनिरपेक्षता, पहचान की राजनीति और आगामी नगर निकाय चुनावों को लेकर नई बहस को जन्म दे दिया है।

संविधान बनाम धार्मिक पहचान

ओवैसी ने अपने भाषण में भारत और पाकिस्तान के संवैधानिक अंतर का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां पाकिस्तान में केवल एक विशेष धर्म का व्यक्ति राष्ट्रपति बन सकता है, वहीं भारतीय संविधान किसी भी नागरिक को, चाहे उसकी धार्मिक पहचान कुछ भी हो, प्रधानमंत्री बनने का अधिकार देता है।उनके अनुसार, यही बाबा साहेब अंबेडकर के संविधान की सबसे बड़ी ताकत है।संवैधानिक विशेषज्ञों का मानना है कि ओवैसी का यह बयान संविधान के मूल भाव—समानता और अवसर की समानता— की ओर इशारा करता है, लेकिन राजनीतिक मंच से आया यह संदेश चुनावी संदर्भ में कई अर्थ भी ग्रहण कर रहा है।

अजित पवार और महागठबंधन पर सीधा हमला

ओवैसी ने मंच से महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी नेता अजित पवार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा—“अजित पवार को दिया गया हर वोट सीधे नरेंद्र मोदी को जाता है। उनकी पार्टी को वोट देना मोदी सरकार द्वारा लाए गए वक्फ कानून के समर्थन के बराबर है।”सोलापुर में कई सीटों पर AIMIM और एनसीपी के बीच सीधा मुकाबला है। ओवैसी ने AIMIM के पूर्व शहर अध्यक्ष और वर्तमान अजित पवार गुट के उम्मीदवार तौफीक शेख के खिलाफ खुलकर प्रचार कर राजनीतिक संदेश स्पष्ट कर दिया।

BJP पर विकास को लेकर हमला

ओवैसी ने भाजपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वर्षों से सत्ता में रहने के बावजूद पार्टी सोलापुर का समुचित विकास नहीं कर सकी।उन्होंने दावा किया कि सोलापुर पुणे जैसा खूबसूरत और विकसित शहर बन सकता है, यदि सही नीतियां और इच्छाशक्ति हो।

ओवैसी के बयान पर प्रतिक्रियाएं राजनीतिक विश्लेषक की राय

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ओवैसी का बयान मुस्लिम पहचान की राजनीति से कहीं आगे जाकर, भाजपा और कांग्रेस—दोनों के लिए एक चुनौती पेश करता है।उनके अनुसार,AIMIM खुद को केवल “मुस्लिम पार्टी” नहीं, बल्कि संवैधानिक अधिकारों की पक्षधर पार्टी के रूप में स्थापित करना चाहती है।वहीं, भाजपा इसे “तुष्टिकरण की राजनीति” बताकर अपने कोर वोट बैंक को और मजबूत करने की कोशिश करेगी।

शिक्षाविदों की राय

एक वरिष्ठ शिक्षाविद के अनुसार (नाम प्रकाशित न करने की शर्त पर),“ओवैसी का सपना शायद उनके जीते-जी ही पूरा हो जाए। पहले मुस्लिम वोट को आकर्षित करने के लिए केवल तथाकथित सेक्युलर पार्टियां हदें पार करती थीं, लेकिन अब भाजपा भी इस प्रतिस्पर्धा में पीछे नहीं रहना चाहती।”उन्होंने यह भी कहा कि“यह भारत का दुर्भाग्य है कि बहुसंख्यक हिंदू समाज होते हुए भी उसे अक्सर दोयम दर्जे के चश्मे से देखने की राजनीति की जाती रही है।”

हिंदू संगठनों और धर्मगुरुओं की प्रतिक्रिया

कई हिंदू संगठनों ने ओवैसी के बयान को धार्मिक ध्रुवीकरण बढ़ाने वाला बताया है।एक प्रमुख हिंदू धर्मगुरु ने कहा—“प्रधानमंत्री का पद किसी के पहनावे से नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पण और क्षमता से तय होना चाहिए। ऐसे बयान समाज को बांटते हैं।”

मुस्लिम संगठनों की प्रतिक्रिया

वहीं, मुस्लिम संगठनों के एक वर्ग ने ओवैसी के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि यह आत्मसम्मान और संवैधानिक अधिकारों की बात है।उनका कहना है कि हिजाब या बुर्का किसी महिला की योग्यता को कम नहीं करता और लोकतंत्र में हर नागरिक को सर्वोच्च पद तक पहुंचने का अधिकार है।

BJP में शामिल हुए अशोक चव्हाण का विवादित बयान

इस पूरे राजनीतिक माहौल के बीच भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण का एक बयान भी विवादों में आ गया।नांदेड वाघाला नगर निगम चुनाव के प्रचार के दौरान उन्होंने कहा—“रोजाना मटन खाओ, लेकिन भाजपा का बटन दबाओ।”उनका यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

कांग्रेस ने तंज कसते हुए उन्हें “अशोक चव्हाण नहीं, बल्कि आदर्श चव्हाण” बताया।चव्हाण ने आगे यह भी दावा किया कि“जो मुझे छोड़कर गया, उसका राजनीतिक करियर खत्म हो गया।”

कानूनविदों की दृष्टि

कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि चुनावी भाषणों में इस तरह के बयान आदर्श आचार संहिता और नैतिक राजनीति पर सवाल खड़े करते हैं।

हालांकि, जब तक ये बयान प्रत्यक्ष रूप से कानून का उल्लंघन नहीं करते, तब तक उन पर कार्रवाई सीमित रहती है।

आगे की राजनीति

मुंबई सहित 29 नगर निगमों के चुनाव के बीच महाराष्ट्र का राजनीतिक तापमान चरम पर है।

ओवैसी का बयान, अजित पवार पर हमला और भाजपा नेताओं के विवादित वक्तव्य—सब मिलकर संकेत दे रहे हैं कि आने वाले दिनों में पहचान, संविधान और विकास—तीनों मुद्दे चुनावी रणभूमि के केंद्र में रहेंगे।

स्पष्ट है कि “हिजाब पहनने वाली प्रधानमंत्री” वाला बयान केवल एक भविष्यवाणी नहीं, बल्कि भारतीय लोकतंत्र की आत्मा, उसकी सीमाओं और संभावनाओं पर छिड़ी एक बड़ी बहस का प्रतीक बन चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *