बी के झा
नई दिल्ली, 5 जुलाई
दिल्ली में रिश्तों का दर्दनाक अंत, तीन साल की मासूम बेटी पलभर में हुई अनाथ
राजधानी दिल्ली के रनहोला थाना क्षेत्र से सामने आई एक हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि जब रिश्तों में भरोसा टूट जाता है, तो उसका अंजाम कितना भयावह हो सकता है। महज शक की बुनियाद पर एक पति ने अपनी पत्नी की भारी बैटरी से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद भी जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस दर्दनाक वारदात में सबसे बड़ा दंश उस तीन वर्षीय मासूम बच्ची को झेलना पड़ेगा, जिसने एक ही दिन में अपने माता-पिता दोनों को खो दिया।पुलिस के अनुसार यह सनसनीखेज घटना 2 जुलाई को बाहरी दिल्ली के तिलंगपुर कोटला गांव में हुई।
मृतकों की पहचान 28 वर्षीय विनय और उसकी 24 वर्षीय पत्नी निशा के रूप में हुई है। दोनों का विवाह करीब पांच वर्ष पूर्व हुआ था और वे पिछले छह-सात महीनों से किराए के मकान में रह रहे थे।
फोन पर बातचीत को लेकर हुआ विवाद, शक ने ले ली जान
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना वाले दिन विनय को शक हुआ कि उसकी पत्नी किसी अन्य व्यक्ति से फोन पर बात कर रही है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि विनय ने अपना आपा खो दिया।आरोप है कि उसने कमरे में रखी भारी बैटरी उठाई और निशा के सिर पर लगातार कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण निशा खून से लथपथ होकर मौके पर ही गिर पड़ी। हमले की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उसे संभलने का भी मौका नहीं मिला।
हत्या के बाद खुद भी खाया जहर
पत्नी को गंभीर हालत में छोड़ने के बाद विनय ने कथित रूप से एल्युमीनियम फॉस्फाइड नामक जहरीला पदार्थ खा लिया। इसके बाद वह अपनी तीन वर्षीय बेटी को साथ लेकर कोटला विहार फेज-1 स्थित अपनी मां के किराए के मकान पहुंचा।वहां उसने अपनी बहन प्रिया से कहा कि उसने निशा की हत्या कर दी है और स्वयं भी जहर खा लिया है। यह सुनते ही परिवार के होश उड़ गए।
कमरे में मिला खौफनाक मंजर
विनय की बात सुनकर उसकी बहन तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। कमरे का दृश्य बेहद भयावह था। निशा खून से लथपथ फर्श पर पड़ी थी। उसने तत्काल पड़ोसियों और पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही रनहोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद निशा को मृत घोषित कर दिया। वहीं जहरीले पदार्थ के असर से विनय ने भी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
मासूम बेटी पर टूटा सबसे बड़ा दुख
इस दर्दनाक घटना में सबसे बड़ी त्रासदी तीन वर्षीय बेटी के हिस्से आई है। कुछ ही घंटों के भीतर उसने अपने माता और पिता दोनों को हमेशा के लिए खो दिया। अब उसके भविष्य को लेकर परिवार और समाज के सामने गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। रनहोला थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है ताकि घटना के सभी पहलुओं का पता लगाया जा सके।
NSK News

