बी के झा
NSK News


पटना, 25 जुलाई
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव अब अपने सबसे निर्णायक दौर में प्रवेश कर चुका है। 30 जुलाई को होने वाले मतदान से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपनी पूरी चुनावी ताकत झोंक दी है। इसी रणनीति के तहत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार सुबह पटना पहुंचे, जहां पटना एयरपोर्ट पर प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।नितिन नवीन का यह दौरा महज औपचारिक नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे भाजपा की अंतिम चुनावी रणनीति का सबसे अहम चरण माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि मतदान से ठीक पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष की मौजूदगी यह संकेत देती है कि भाजपा इस उपचुनाव को किसी भी कीमत पर हल्के में लेने के मूड में नहीं है।
सिर्फ एक सीट नहीं, भाजपा की प्रतिष्ठा का सवाल
बांकीपुर विधानसभा सीट लंबे समय तक नितिन नवीन का राजनीतिक गढ़ रही है। लगातार कई चुनावों में यहां से जीत दर्ज करने के बाद उनके लोकसभा पहुंचने से यह सीट खाली हुई और अब उपचुनाव हो रहा है। ऐसे में भाजपा के लिए यह केवल एक विधानसभा सीट का चुनाव नहीं, बल्कि अपने संगठनात्मक प्रभाव और राजनीतिक पकड़ को बरकरार रखने की प्रतिष्ठा की लड़ाई भी बन गया है।पार्टी नेतृत्व अच्छी तरह जानता है कि यदि यह सीट हाथ से निकलती है तो विपक्ष इसे भाजपा की राजनीतिक कमजोरी के रूप में पेश करने की कोशिश करेगा। यही कारण है कि चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में पार्टी का पूरा शीर्ष नेतृत्व सक्रिय हो गया है।
बूथ प्रबंधन से लेकर मतदान प्रतिशत तक, हर मोर्चे पर फोकस
सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष अपने प्रवास के दौरान पार्टी के सांसदों, विधायकों, पदाधिकारियों और चुनाव प्रबंधन से जुड़े नेताओं के साथ विस्तृत बैठक करेंगे। बैठक में बूथ प्रबंधन, घर-घर संपर्क अभियान, मतदान प्रतिशत बढ़ाने, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और अंतिम 72 घंटे की चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी।भाजपा की कोशिश है कि संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता मतदान वाले दिन पूरी सक्रियता के साथ बूथ स्तर पर मौजूद रहे, ताकि समर्थक मतदाताओं को मतदान केंद्र तक लाया जा सके।
त्रिकोणीय मुकाबले ने बढ़ाया रोमांच
इस बार बांकीपुर का चुनाव पारंपरिक मुकाबले से आगे निकलकर त्रिकोणीय संघर्ष का रूप ले चुका है।भाजपा ने नीरज कुमार सिन्हा को मैदान में उतारा है। दूसरी ओर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है और लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। वहीं राष्ट्रीय जनता दल की प्रत्याशी रेखा गुप्ता भी मोहल्लों, बाजारों और स्थानीय सभाओं के माध्यम से मतदाताओं तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं।तीनों दलों के सक्रिय चुनाव प्रचार ने मुकाबले को बेहद रोचक बना दिया है।
राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि इस चुनाव में प्रत्येक वोट निर्णायक भूमिका निभा सकता है।
100 दिन की सरकार भी बनेगी समीक्षा का विषय
विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने दौरे के दौरान राज्य सरकार के 100 दिन पूरे होने पर विभिन्न विभागों के कामकाज की भी समीक्षा करेंगे। सरकार की प्रमुख उपलब्धियों, विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा होने की संभावना है।पार्टी चाहती है कि चुनाव प्रचार के अंतिम चरण में विकास और सुशासन का संदेश अधिक मजबूती के साथ मतदाताओं तक पहुंचे।
स्टार प्रचारकों ने पहले ही बनाया माहौल
भाजपा ने चुनाव प्रचार के अंतिम सप्ताह में अपने स्टार प्रचारकों को भी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतार दिया है।भाजपा सांसद एवं भोजपुरी गायक मनोज तिवारी ने कई जनसभाओं में कहा कि एनडीए सरकार बिहार में विकास के नए अध्याय लिख रही है और बांकीपुर की जनता इस विकास यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान करेगी।
वहीं अभिनेता एवं गायक पवन सिंह ने रोड शो और जनसभाओं के दौरान भाजपा को विकास, राष्ट्रहित और जनसेवा की राजनीति करने वाली पार्टी बताते हुए मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाने की अपील की।
नितिन नवीन की अग्निपरीक्षा
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद बांकीपुर उपचुनाव नितिन नवीन के लिए भी प्रतिष्ठा की परीक्षा बन गया है। यह सीट वर्षों तक उनके राजनीतिक प्रभाव का केंद्र रही है। ऐसे में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ राजनीतिक विश्लेषकों की नजर भी इस बात पर टिकी है कि क्या भाजपा इस सीट पर अपना दबदबा कायम रख पाएगी।यदि भाजपा जीत दर्ज करती है तो इसे नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व की बड़ी राजनीतिक सफलता माना जाएगा। वहीं किसी भी विपरीत परिणाम की स्थिति में विपक्ष को भाजपा पर हमला करने का अवसर मिल सकता है।
राजनीतिक विश्लेषकों की नजर
विश्लेषकों का मानना है कि बांकीपुर उपचुनाव का असर केवल एक विधानसभा सीट तक सीमित नहीं रहेगा। यह चुनाव आगामी राजनीतिक समीकरणों, संगठनात्मक क्षमता और नेतृत्व की स्वीकार्यता का भी संकेत देगा। मतदान से पहले शीर्ष नेतृत्व की सक्रियता इस बात का संकेत है कि सभी दल इस मुकाबले को अत्यंत गंभीरता से ले रहे हैं।
अब अंतिम परीक्षा जनता के हाथ
चुनावी शोर अब अपने अंतिम पड़ाव पर है। नेताओं की सभाएं, रोड शो, डोर-टू-डोर अभियान और रणनीतिक बैठकों का दौर तेज हो चुका है। अब सभी दलों की नजर 30 जुलाई को होने वाले मतदान पर टिकी है।
यह तय है कि बांकीपुर की जनता का फैसला केवल एक विधायक नहीं चुनेगा, बल्कि बिहार की राजनीति को भी एक महत्वपूर्ण संदेश देगा।
