बी के झा
NSK News NSK News NSK News
NSK News NSK News NSK News

पटना , 6 नवंबर
बिहार विधानसभा चुनाव 2025बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में गुरुवार को 121 सीटों पर मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि प्राप्त आंकड़ों के अनुसार कुल 64.64 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई है। देर शाम तक अंतिम आंकड़े जारी होने की संभावना है।
चुनाव आयोग के मुताबिक इस चरण में 45,341 मतदान केंद्र बनाए गए थे, जिनमें से 41,943 बूथों से प्राप्त सूचना के आधार पर यह मतदान प्रतिशत निकाला गया है। उन्होंने बताया कि इस बार मतदान में महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही, कई मतदान केंद्रों पर महिलाओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
ईवीएम बदले जाने की दर में कमी
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि पहले चरण में तकनीकी खराबी के कारण कुल 165 बैलेट यूनिट, 169 कंट्रोल यूनिट और 480 वीवीपैट बदले गए।
पिछले 2020 के चुनावों की तुलना में इस बार ईवीएम में आई खराबी कम रही। इस बार केवल 1.21 प्रतिशत बैलेट यूनिट बदले गए, जबकि 2020 में यह आंकड़ा 1.87 प्रतिशत था। आयोग ने इसे तकनीकी प्रबंधन और मशीनों की बेहतर तैयारी का परिणाम बताया।
1415 लोग हिरासत में, फिर भी माहौल शांत
एडीजी मुख्यालय कुंदन कृष्णन ने बताया कि मतदान के दौरान विभिन्न एहतियाती कार्रवाइयों में 1415 व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो सके।उन्होंने कहा कि इन कार्रवाइयों के बावजूद पूरे प्रदेश में मतदान का माहौल शांतिपूर्ण और नियंत्रण में रहा। किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
143 शिकायतें, त्वरित कार्रवाई से समाधान
चुनाव आयोग को पहले चरण की मतदान अवधि समाप्त होने तक कुल 143 शिकायतें प्राप्त हुईं।अधिकारियों के अनुसार, “सभी शिकायतों का समय पर निपटारा कर दिया गया। इसके अलावा फोन पर प्राप्त शिकायतों को भी तत्काल प्रभाव से सुलझाया गया।”
कुछ बूथों पर मतदान का बहिष्कार
राज्य के कुछ क्षेत्रों में मतदान बहिष्कार की घटनाएँ भी सामने आईं।
इनमें प्रमुख हैं—ब्रह्मपुर (बक्सर) : बूथ संख्या 56फतुहा (पटना) : बूथ संख्या 165 और 166सूर्यगढ़ा (लखीसराय) : बूथ संख्या 1, 2 और 5 स्थानीय लोगों ने विभिन्न विकास कार्यों से जुड़ी नाराज़गी को कारण बताते हुए मतदान से दूरी बनाई।
शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित रहा चुनाव
चुनाव आयोग ने कहा कि “पहले चरण की पूरी वोटिंग शांतिपूर्ण वातावरण में हुई। कहीं भी ऐसी कोई घटना नहीं हुई, जिसे गंभीर या अप्रिय कहा जा सके।”सुरक्षा बलों की सघन तैनाती और प्रशासन की सक्रियता के कारण मतदान सुचारू रूप से संचालित हुआ।
