बी के झा
NSK

नई दिल्ली/गांधीनगर, 4 अक्टूबर
गुजरात: गुजरात भाजपा के नेतृत्व में बड़े बदलाव के बाद राज्य की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी ने अपने नए प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर जगदीश विश्वकर्मा का नाम आधिकारिक रूप से घोषित किया है। उन्हें निर्विरोध इस पद के लिए चुना गया। शुक्रवार को नामांकन प्रक्रिया में विश्वकर्मा ही एकमात्र उम्मीदवार रहे और शनिवार को गुजरात भाजपा के प्रदेश कार्यालय में यह ऐलान किया गया।राज्य के गृह मंत्री हर्ष संघवी ने इस अवसर पर कहा, “मैं उनके प्रति अपार सम्मान रखता हूं। जगदीश विश्वकर्मा एक जमीनी कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने हमेशा जनता के लिए काम किया है। उनकी कोई लंबी राजनीतिक पृष्ठभूमि नहीं है, फिर भी आज वह गुजरात भाजपा के अध्यक्ष बनने जा रहे हैं। यह केवल भाजपा में ही संभव है।”52 वर्षीय जगदीश विश्वकर्मा अहमदाबाद की निकोल विधानसभा सीट से तीन बार के विधायक हैं। वर्तमान में वह सहकारिता, नमक उद्योग, एमएसएमई, कुटीर, खादी और ग्रामीण उद्योग राज्य मंत्री के रूप में कार्यरत हैं। इसके अलावा, वह पहले अहमदाबाद नगर भाजपा इकाई के अध्यक्ष भी रह चुके हैं और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के करीबी माने जाते हैं।विश्वकर्मा इस पद पर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री एवं नवसारी से लोकसभा सदस्य सी.आर. पाटिल का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल जुलाई 2023 में समाप्त हो गया था।कौन हैं जगदीश विश्वकर्माजगदीश विश्वकर्मा का राजनीतिक सफर बूथ स्तर के कार्यकर्ता के रूप में शुरू हुआ। समय के साथ उन्होंने जिला स्तर पर कई जिम्मेदारियां निभाईं और अंततः विधायक बने। वे 2012 से लगातार निकोल विधानसभा सीट से तीन बार विधायक चुने गए हैं। ओबीसी वर्ग से आने वाले विश्वकर्मा का इस समुदाय पर मजबूत पकड़ है, जो गुजरात की राजनीति में उनके लिए बड़ा राजनीतिक आधार भी माना जाता है।विशेषज्ञों का कहना है कि उनका नेतृत्व भाजपा को राज्य में संगठनात्मक मजबूती देने के साथ-साथ ओबीसी मतदाताओं को जोड़ने में मदद करेगा। उनके चुने जाने से आगामी विधानसभा और स्थानीय चुनावों में पार्टी की रणनीति और दिशा स्पष्ट होगी।
