बी के झा
NSK

नई दिल्ली, 14 दिसंबर
विश्व फुटबॉल के सबसे बड़े सितारों में शुमार अर्जेंटीना के महान खिलाड़ी लियोनेल मेसी सोमवार, 15 दिसंबर को अपने बहुप्रतीक्षित ‘GOAT टूर’ के चौथे और अंतिम चरण के तहत नई दिल्ली पहुंच रहे हैं। राजधानी में मेसी की मौजूदगी को लेकर फुटबॉल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है, वहीं प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क मोड में हैं।
अरुण जेटली स्टेडियम बनेगा फुटबॉल का रंगमंच मेसी दोपहर करीब 1:30 बजे अरुण जेटली इंटरनेशनल स्टेडियम में आयोजित GOAT कप एग्जीबिशन मैच में शिरकत करेंगे। इस खास मुकाबले में 9 वर्सेज 9 के फॉर्मेट में मिनर्वा अकादमी की अंडर-14 और अंडर-15 टीमें आमने-सामने होंगी। मुकाबले को और खास बनाने के लिए भारतीय क्रिकेट के सुपरस्टार विराट कोहली की मौजूदगी की भी प्रबल संभावना है।
दर्शकों के लिए स्टेडियम के गेट सुबह 11:30 बजे खोल दिए जाएंगे।यह मुकाबला केवल एक प्रदर्शनी मैच नहीं, बल्कि भारतीय फुटबॉल के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का मंच भी माना जा रहा है। मेसी का मैदान पर उतरना युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने जैसा होगा।प्रधानमंत्री से मुलाकात, डिप्लोमेसी और खेल का संगममैच के बाद मेसी एक भव्य वेलकम इवेंट में हिस्सा लेंगे। इसके पश्चात उनका एक निजी ‘मीट एंड ग्रीट’ कार्यक्रम प्रस्तावित है।
सूत्रों के अनुसार, शाम करीब 4:30 बजे उनकी पहली औपचारिक मुलाकात भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से हो सकती है। इसके बाद देश के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) और भारत के चीफ जस्टिस (CJI) से भी मुलाकात का कार्यक्रम तय माना जा रहा है।
मेसी की यह यात्रा केवल खेल तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे भारत की सॉफ्ट पावर, खेल कूटनीति और वैश्विक छवि से भी जोड़कर देखा जा रहा है।कोलकाता के बाद दिल्ली अलर्ट, थ्री लेयर सिक्योरिटी कोलकाता इवेंट के दौरान हुई अव्यवस्था से सबक लेते हुए दिल्ली पुलिस इस बार कोई चूक नहीं करना चाहती।
मेसी के दिल्ली दौरे को देखते हुए थ्री लेयर सिक्योरिटी अरेंजमेंट लागू किया गया है। करीब 3 हजार से अधिक दिल्ली पुलिस के जवानों के साथ-साथ पैरा मिलिट्री फोर्स की भी तैनाती की जा रही है।अरुण जेटली स्टेडियम के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाएगी।
अवैध पार्किंग पर सख्ती बरती जाएगी, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।ट्रैफिक एडवाइजरी, कई इलाकों में डायवर्सन सोमवार को मेसी के कार्यक्रम को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी में ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा।
आईटीओ, दिल्ली गेट, राजघाट क्रॉसिंग के आसपास दिन के समय भारी जाम की आशंका जताई गई है। इसका असर विकास मार्ग, रिंग रोड, इंद्रप्रस्थ मार्ग, डीडीयू मार्ग, बहादुरशाह जफर मार्ग और जवाहरलाल नेहरू मार्ग पर भी पड़ सकता है। ट्रैफिक मैनेजमेंट के लिए पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की जाएगी।
फुटबॉल फैंस के लिए ऐतिहासिक दिन
हजारों की संख्या में फुटबॉल प्रशंसकों के स्टेडियम पहुंचने की उम्मीद है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि आईपीएल और टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के दौरान भीड़ प्रबंधन का लंबा अनुभव होने के कारण किसी बड़ी अव्यवस्था की आशंका नहीं है।
कुल मिलाकर, 15 दिसंबर को दिल्ली सिर्फ एक शहर नहीं, बल्कि फुटबॉल के वैश्विक नक्शे पर चमकता मंच बनने जा रही है—
जहां मेसी का मैजिक, सुरक्षा का अभेद्य घेरा और खेल व कूटनीति का अनोखा संगम एक साथ नजर आएगा।
